Loading...

शिकोहाबाद में प्रेमी-प्रेमिका ने खुद को लगाई आग, युवती की मौत, युवक गंभीर

Gargachary Times 6 June 2026, 21:04 4 views
Firozabad
शिकोहाबाद में प्रेमी-प्रेमिका ने खुद को लगाई आग, युवती की मौत, युवक गंभीर
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक युवक और युवती ने कथित रूप से खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना में गंभीर रूप से झुलसी युवती की आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक का इलाज जारी है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मामला शिकोहाबाद के मोहल्ला पड़ाव का है। युवती खुशी अपने ननिहाल मैनपुरी जनपद के गांव पजाया में रहकर पढ़ाई कर रही थी और 1 जून को शिकोहाबाद स्थित अपने घर आई थी। युवती के घर से गायब होने पर उसके मामा ने शिकोहाबाद थाने में सूचना दी थी। पुलिस रात करीब 10 बजे जांच के लिए युवती के घर पहुंची, जहां उसका परिचित युवक अरुण भी मौजूद था।बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा दरवाजा खटखटाने पर दोनों घबरा गए। इसी दौरान युवती ने कथित रूप से अपने ऊपर और युवक पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से शिकोहाबाद अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को आगरा रेफर कर दिया गया।इलाज के दौरान युवती की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। वहीं एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए।पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Follow Samachar24