Loading...

परचून दुकान से 5800 के पैकेट चोरी, दुकानदार को कोल्डड्रिंक लेने भेजा, सामान को लेकर फरार हुआ

Gargachary Times 7 June 2026, 20:34 42 views
Dholpur
परचून दुकान से 5800 के पैकेट चोरी, दुकानदार को कोल्डड्रिंक लेने भेजा, सामान को लेकर फरार हुआ
बाड़ी में दिनदहाड़े एक परचून की दुकान से 5800 रुपए के सिगरेट और बीड़ी के पैकेट चोरी हो गए। चोर दुकानदार को कोल्डड्रिंक लाने के बहाने दुकान के अंदर भेजकर सामान सहित फरार हो गया। पीड़ित दुकानदार ने कोतवाली थाने में अज्ञात चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सामान खरीदकर दुकानदार को कोल्ड ड्रिंक लाने के लिए भेजा उपखंड के गामरी गांव निवासी परचून दुकानदार संतोषी पुत्र रामदयाल वैश्य की सैंपऊ रोड़ स्थित बस स्टैंड के पास परचून की दुकान है। संतोषी ने बताया कि आज सुबह उसकी दुकान पर 20-22 वर्ष का एक युवक आया। युवक ने उससे 5800 रुपए मूल्य के सिगरेट और बीड़ी के पैकेट मांगे, जो उसने निकाल कर दे दिए। भुगतान करने से पहले युवक ने दुकानदार से अंदर से एक कोल्डड्रिंक की बोतल लाने को कहा। जैसे ही दुकानदार कोल्डड्रिंक लेने के लिए दुकान के अंदर गया। आरोपी चोर सिगरेट और बीड़ी के पैकेट लेकर मौके से फरार हो गया। दुकानदार जब बाहर आया तो चोर वहां से गायब था। उसने आस-पास के लोगों की मदद से चोर की काफी तलाश की। लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद संतोषी ने अज्ञात चोर के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज कराया। चोरों को पकड़ने की मांग की बाड़ी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित मंगल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में अन्य दुकानदारों के साथ भी इसी तरह की दो-तीन वारदातें हुई हैं। उन्होंने आशंका जताई कि शहर में एक चोर गिरोह सक्रिय है जो इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहा है। अमित मंगल ने बताया कि कम पैसों की चोरी होने के कारण अन्य दुकानदारों ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई थी। उन्होंने कोतवाली थानाधिकारी देवेंद्र शर्मा से ऐसे चोरों का पता लगाकर कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
Follow Samachar24