रेडीमेड कपड़ों की दुकान में लगी भीषण आग, साढ़े तीन लाख का सामान जलकर राख
Gargachary Times
7 June 2026, 20:39
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कस्बा फरिहा में रविवार को एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित व्यापारी ने आगजनी के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है।जानकारी के अनुसार कस्बा फरिहा निवासी व्यापारी सुरेश चंद्र राठौर की रेडीमेड कपड़ों की दुकान एक लोहे के खोखे में संचालित होती है। रविवार सुबह उनके भतीजे प्रदीप टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने दुकान से उठती आग की लपटें देखीं। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना परिजनों और आसपास के लोगों को दी।सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश रेडीमेड कपड़ों का सामान जलकर राख हो चुका था। व्यापारी के अनुसार आग से करीब साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही थाना फरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। व्यापारी सुरेश चंद्र राठौर का कहना है कि उनकी दुकान में कोई बिजली कनेक्शन नहीं था, इसलिए शॉर्ट सर्किट से आग लगने की संभावना नहीं है। ऐसे में उन्हें किसी शरारती अथवा संदिग्ध व्यक्ति द्वारा आग लगाए जाने की आशंका है।पीड़ित व्यापारी ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने की मांग की है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों ने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।