Loading...

शिकोहाबाद पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय अभियुक्त को किया गिरफ्तार

Gargachary Times 7 June 2026, 20:42 50 views
Firozabad
शिकोहाबाद पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय अभियुक्त को किया गिरफ्तार
फिरोजाबाद। थाना शिकोहाबाद पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले एक अंतर्राज्यीय ठग को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 15 एटीएम कार्ड, नगदी, आधार कार्ड, पर्स और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लाग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के नेतृत्व में थाना शिकोहाबाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त सतीश कुमार पुत्र प्रेम सिंह निवासी राजथल थाना नारनौंद जनपद हिसार, हरियाणा को इंडियन बैंक एटीएम, स्टेशन रोड नारायण डिग्री कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 15 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, 8,230 रुपये नगद, एक आधार कार्ड, एक पर्स तथा एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। जानकारी के मुताबिक 1 जून 2026 को बैंक ऑफ बड़ौदा शिकोहाबाद के एटीएम पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा रमेश कुमार निवासी रामनगर लेबर कॉलोनी शिकोहाबाद का एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से करीब 50 हजार रुपये निकाल लिए गए थे। इस संबंध में थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह विभिन्न जिलों में एटीएम बूथों के बाहर खड़ा होकर लोगों की मदद करने का बहाना बनाता था। इसी दौरान वह लोगों का एटीएम पिन देख लेता और चालाकी से उनका कार्ड बदल देता था। बाद में बदले गए कार्ड से खातों से पैसे निकाल लेता था। आरोपी ने शिकोहाबाद की घटना को भी स्वीकार किया है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अपराध विनोद कुमार उपनिरीक्षक फैसल खान, उपनिरीक्षक ओम प्रकाश सिंह एवं हेड कांस्टेबल मोहन सिंह शामिल रहे।
Follow Samachar24