खाकी का सपना आंखों में लिए निकली थी चंचल, महुअन पर पलटी बस ने छीन ली जान
Gargachary Times
8 June 2026, 20:37
21 views
Mathura
फरह। मथुरा-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर महुअन टोल के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मथुरा से आगरा जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस संख्या UP85AT4371 अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही 22 वर्षीय छात्रा चंचल कुमारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री घायल हो गए।
चंचल कुमारी निवासी नगला छिंगा, थाना मगोर्रा, मैनपुरी में आयोजित पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए घर से निकली थी। आंखों में खाकी वर्दी का सपना और हाथ में जरूरी कागजात लिए वह बस में बैठी थी। लेकिन किसे पता था कि मंजिल तक पहुंचने से पहले ही महुअन टोल के पास मौत उसका इंतजार कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महुअन टोल के पास बस चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर से टकरा गई ओर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चंचल खिड़की पास बैठी थी जैसे ही बस पलटी तो चंचल खिड़की से बाहर निकल गई और बस उसके ऊपर पलट गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भर्ती का फॉर्म और प्रवेश पत्र उसके बैग में ही रह गए।
हादसे में घायल एक अन्य महिला यात्री संगीता ने इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या दो हो गई। संगीता के परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी छोटे लाल, चौकी प्रभारी रैपुरा जाट, महुअन, परखम, दीनदयाल धाम और कस्बा इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। क्रेन की मदद से पलटी बस को हटाकर हाईवे को यातायात के लिए खोला गया।
घायलों को फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, स्वर्ण जयंती अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगर पुलिस अधीक्षक राजीव सिंह ने बताया कि 15 घायलों में से 9 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। चार घायलों का इलाज जारी है, जानकारी के अनुसार एक गंभीर रूप से घायल युवक सिटी अस्पताल में वेंटिलेटर पर बताया जा रहा है।
घायलों में भूरी देवी, शिवम, ललिता, मंजू, निशा रानी, सिदिक्षा द्विवेदी, बेबी, अजय, अनीता, कृष्णा शर्मा, पूजा शर्मा, निशा सहित अन्य यात्री शामिल हैं। सभी के परिजनों को सूचना दे दी गई है और अस्पताल में उनका जमावड़ा लगा हुआ है।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। बस के दस्तावेजों और चालक के लाइसेंस की भी जांच की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे।
चंचल की मौत की खबर सुनते ही उसके गांव में कोहराम मच गया। मां की दुआएं, पिता का भरोसा और परिवार की उम्मीदें सब एक पल में टूट गईं। जिस बेटी को खाकी वर्दी में देखने का सपना परिवार ने संजोया था, उसकी अर्थी उठी। स्थानीय लोगों ने अनुबंधित बसों की फिटनेस और चालकों की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।