Loading...

सीआईआरजी कर्मचारियों को मिली कैशरहित स्वास्थ्य सेवा की सौगात, आगरा केपी इंस्टीट्यूट से एमओयू

Gargachary Times 8 June 2026, 20:41 52 views
Mathura
सीआईआरजी कर्मचारियों को मिली कैशरहित स्वास्थ्य सेवा की सौगात, आगरा केपी इंस्टीट्यूट से एमओयू
फरह। मखदूम,मथुरा। भा.कृ.अ.प.- केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (सीआईआरजी), मखदूम ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। संस्थान ने आगरा स्थित के.पी. इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के साथ कैशरहित स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सोमवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपन्न किया। एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम संस्थान परिसर में आयोजित हुआ। सीआईआरजी की ओर से निदेशक डॉ. मनीष कुमार चेटली ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। के.पी. इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, आगरा की ओर से निदेशक (प्रशासन) ब्रिगेडियर अशोक कुमार अरोड़ा और सह निदेशक शदाब आलम उपस्थित रहे। संस्थान के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी भी समारोह में मौजूद थे। इस समझौते के तहत सीआईआरजी में कार्यरत सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारजनों को अब केजीएचएस/सीएस-एमए नियमों एवं निर्धारित दरों के अनुसार कैशरहित आधार पर उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। कर्मचारियों को अब इलाज के समय तत्काल भुगतान की परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी और वे गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। डॉ. मनीष कुमार चेटली ने कहा कि कर्मचारियों का स्वास्थ्य और कल्याण संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह एमओयू उन्हें समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अहम पहल है। संस्थान को पूरा विश्वास है कि इससे कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण को मजबूती मिलेगी और आपात स्थिति में त्वरित इलाज संभव हो सकेगा। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कैशरहित व्यवस्था से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।
Follow Samachar24