जिलाधिकारी द्वारा विकास भवन का औचक निरीक्षणः शिकायतों के जमीनी हकीकत की ली जानकारी, लापरवाही पर जताई नाराजगी
Gargachary Times
9 June 2026, 20:28
68 views
Firozabad
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने आज मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ विकास भवन स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण की मुख्य विशेषता यह रही कि जिलाधिकारी ने स्वयं विभिन्न विभागों में जाकर लंबित शिकायतों के निस्तारण की जमीनी हकीकत जानने के लिए शिकायतकर्ताओं से सीधे टेलीफोन पर वार्ता की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग में जाकर शिकायतकर्ताओ से सीधे वार्ता की ,शिकायतकर्ता राजवीर यादव से दूरभाष पर सीधे बात कर वृद्धावस्था पेंशन मिलने की स्थिति जानी, जिस पर शिकायतकर्ता पूरी तरह संतुष्ट नजर आया।
इसके विपरीत, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में पाया गया कि हाथवंत ब्लॉक स्थित रेवा गौशाला के संबंध में अनिल कुमार द्वारा की गई शिकायत का निस्तारण समुचित तरीके से नहीं किया गया था। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए:"सभी अधिकारी शिकायतकर्ताओं से टेलीफोन पर वार्ता कर एक बार जमीनी हकीकत और सही स्थिति की जानकारी अवश्य लें। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि कार्य का लाभ वास्तविक और सक्षम व्यक्ति तक पहुँच रहा है या नहीं।"
अर्थ एवं सांख्यिकी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बड़ी परियोजनाओं की जांच रिपोर्टों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ अधिकारियों की निगेटिव रिपोर्ट आई है या जो सही से काम नहीं कर रही हैं, उन्हें तुरंत नोटिस जारी किया जाए, रिपोर्ट आते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान जब जिलाधिकारी ने फिरोजाबाद जिले की महिलाओं की प्रति व्यक्ति आय की जानकारी मांगी गई तो अर्थ एवं सांख्यिकी के किसी अधिकारी व कर्मचारी के द्वारा द्वारा कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया जा सका। जिलाधिकारी ने इसे अत्यंत खेदजनक बताते हुए स्थिति में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
परिसर में जगह-जगह व्याप्त गंदगी को देखकर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय के साथ-साथ पूरे विकास भवन परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) और जिला प्रोबेशन अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी व अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही इन शिकायतों के ट्रैक रिकॉर्ड के लिए एक अलग से शिकायत निस्तारण रजिस्टर तैयार करने के आदेश दिए गए गए ताकि निगरानी सही तरीके से हो सके।
इस औचक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी ने उपायुक्त स्वतः रोजगार कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण कार्यालय, जिला उद्यान कार्यालय तथा डीपीओ कार्यालय सहित विकास भवन के लगभग सभी प्रमुख पटलों का बारीकी से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान परियोजना निदेशक सुभाष चंद्र त्रिपाठी भी मौजूद रहे।