लक्की कृषि फार्म पर फिर चोरों का धावा, ट्यूबवेल स्टार्टर और केबल चोरी
Gargachary Times
9 June 2026, 20:29
41 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जसराना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी लोधी देवेंद्र सिंह के लक्की कृषि फार्म पर एक बार फिर चोरों ने धावा बोलते हुए ट्यूबवेल का स्टार्टर और उससे जुड़ी बिजली की केबल चोरी कर ली। घटना के बाद किसानों में रोष व्याप्त है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह फार्म पर काम करने पहुंचे लोगों को चोरी की घटना की जानकारी हुई। चोर ट्यूबवेल का स्टार्टर और बिजली की केबल उखाड़कर ले गए। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी फार्म पर कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक चोर पुलिस पकड़ से बाहर हैं।
किसानों का कहना है कि मक्का की फसल की सिंचाई का समय शुरू होने वाला है। ऐसे में ट्यूबवेल की केबल चोरी होने से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, जिससे फसल पर संकट गहरा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही जसराना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर किसानों और ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरियों पर अंकुश लगाने की मांग की है।