15 से 21 जून तक मनाया जाएगा योग सप्ताह, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर होंगे वृहद कार्यक्रम
Gargachary Times
9 June 2026, 20:31
58 views
Firozabad
फिरोजाबाद। आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि इस बार योग सप्ताह को पहले से अधिक व्यवस्थित एवं व्यापक स्तर पर मनाया जाए, ताकि योग का संदेश जन-जन तक पहुंच सके।बैठक में निर्णय लिया गया कि जनपद में 15 जून से 21 जून तक “योग सप्ताह” का आयोजन किया जाएगा। योग सप्ताह का शुभारंभ अटल पार्क में जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूरे जनपद में वृहद योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके तहत जनपद मुख्यालय, नगर निगम, सभी तहसीलों, ब्लॉकों और ग्राम पंचायतों में सामूहिक योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे।
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर चिकित्सालयों में विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
इसके अलावा सभी प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं स्थानीय लोगों के लिए योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं पुलिस थानों एवं अन्य विभागीय कार्यालयों में पुलिसकर्मियों और आमजन के लिए योग शिविर लगाए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा के साथ इस राष्ट्रीय कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि योग के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवन शैली के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविन्द द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।