मंदिरों में प्लास्टिक पॉलीथिन में प्रसाद पर लगेगा प्रतिबंध, डीएम ने दिए सख्त निर्देश
Gargachary Times
9 June 2026, 20:31
63 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं जनस्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा सलाहकार/सतर्कता समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी फिरोजाबाद की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के नामित सदस्य उपस्थित रहे।बैठक के दौरान सहायक आयुक्त (खाद्य)-2 श्री चन्दन पाण्डेय ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों जैसे हाइजीन रेटिंग, री-यूज्ड कुकिंग ऑयल (RUCO), ईट राइट स्कूल, ईट राइट स्टेशन, ईट राइट कैंपस तथा FoSTaC प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही योजनाओं की प्रगति एवं उनके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों से भी अवगत कराया।जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में जिलाधिकारी ने मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर प्रसाद तथा पूजा सामग्री के वितरण में प्लास्टिक पॉलीथिन के प्रयोग पर विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उपयोग के बाद एकत्रित प्लास्टिक पॉलीथिन कई बार अस्वच्छ परिस्थितियों में पुनर्चक्रित की जाती है, जिससे स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। ऐसे में धार्मिक स्थलों पर प्लास्टिक पॉलीथिन के प्रयोग को हतोत्साहित किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के संबंधित अधिकारियों को प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने, जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से कपड़े, कागज एवं अन्य पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने की अपील की।
बैठक में व्यापार मंडल की ओर से वी.एस. गुप्ता ने औषधि विक्रेताओं द्वारा एक्सपायर दवाइयां बेचने एवं ग्राहकों को बिल न देने का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही फूड एवं ड्रग विभाग की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में डॉ. अनिल यादव, डॉ. सूरज, रमेश चन्द्र, डॉ. मनोज कुमार, संदीप कुमार, उमेश कुमार, विनोद वर्मा, अरुण कुमार, राहुल शर्मा, जितेन्द्र कुमार, अंकुश शर्मा एवं आयुष वेद शाक्य सहित व्यापार मंडल प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।