Loading...

बालश्रम के खिलाफ AHTU और श्रम विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिर्जानगर से दो बच्चे रेस्क्यू

Gargachary Times 9 June 2026, 20:32 32 views
Firozabad
बालश्रम के खिलाफ AHTU और श्रम विभाग की बड़ी कार्रवाई, मिर्जानगर से दो बच्चे रेस्क्यू
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर)/नोडल अधिकारी एएचटी के कुशल पर्यवेक्षण में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और श्रम विभाग की संयुक्त टीम ने थाना उत्तर क्षेत्र के मिर्जानगर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालश्रम कर रहे दो बच्चों को सकुशल मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान बालश्रम कानून का उल्लंघन करने वाले नियोक्ताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।जानकारी के अनुसार, एएचटीयू टीम को मिर्जानगर क्षेत्र में बच्चों से काम कराए जाने की सूचना मिल रही थी। बच्चों के शोषण अथवा किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए टीम ने पहले से ही क्षेत्र में गोपनीय रेकी और सुरागरसी की। सटीक सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष विपिन कुमार और श्रम प्रवर्तन अधिकारी वी.के. त्रिवेदी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने मौके पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दो बच्चों को बालश्रम करते हुए पाया गया, जिन्हें तत्काल रेस्क्यू कर मुक्त कराया गया। टीम ने संबंधित दुकानदारों और काम कराने वालों को सख्त वैधानिक चेतावनी देते हुए नोटिस जारी किए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से काम करवाना कानूनन अपराध है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुक्त कराए गए दोनों बच्चों को उनके बेहतर भविष्य और शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की सलाह देते हुए उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। साथ ही अभिभावकों को भी बच्चों से मजदूरी न कराने की चेतावनी दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन और व्यापारियों से अपील की कि बालश्रम जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ आगे आएं और बच्चों को शिक्षा व सुरक्षित बचपन दिलाने में सहयोग करें। रेस्क्यू ऑपरेशन में श्रम प्रवर्तन अधिकारी वी.के. त्रिवेदी, थानाध्यक्ष एएचटीयू विपिन कुमार, उपनिरीक्षक सोबरन सिंह, उपनिरीक्षक रविशंकर निषाद तथा महिला मुख्य आरक्षी राजकुमारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Follow Samachar24