Loading...

मथुरा में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क पर उतरे नगर मजिस्ट्रेट, किया स्थलीय निरीक्षण

Gargachary Times 9 June 2026, 20:34 2 views
Mathura
मथुरा में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए सड़क पर उतरे नगर मजिस्ट्रेट, किया स्थलीय निरीक्षण
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। जनपद मथुरा में यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा मंगलवार को सड़क पर उतरे जिन्होंने यातायात को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया। नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने यातायात से संबंधित अधिकारियों के साथ स्टेट बैंक चौराहे से लेकर भूतेश्वर चौराहे के पास स्थित अंडरपास तक स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले विभिन्न कारकों की पहचान कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान बस अड्डे के समीप रेलवे अंडरपास के किनारे रेलवे विभाग द्वारा बनाए गए अस्थायी सीमेंट फाउंडेशन को यातायात बाधित करने का प्रमुख कारण पाया गया। इस पर नगर मजिस्ट्रेट ने रेलवे अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल उक्त निर्माण को हटाने के निर्देश दिए। प्रशासन की निगरानी में निर्माण को हटाने की कार्रवाई शुरू करा कराई गई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के द्वितीय प्रवेश द्वार की ओर जाने वाले मार्ग पर मौजूद अस्थायी अवरोधों को हटाने के लिए संबंधित थाना प्रभारी एवं अधिकारियों को निर्देशित किया गया। महोली रोड के सामने स्थित पुलिया (परिक्रमा मार्ग) तथा भूतेश्वर अंडरपास के पास श्रीजी बाबा आश्रम के सामने अमरनाथ विद्या आश्रम जाने वाले मार्ग पर लगे अवरोधकों को भी जल्द हटाने के निर्देश दिए गए। वही बाबू शिवनाथ विश्वविद्यालय (बीएसए) की बाउंड्री वॉल से लगे खाली पड़े स्थान को अस्थायी पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर विचार किया। इस संबंध में बीएसए कॉलेज प्रबंधन और नगर निगम अधिकारियों से वार्ता भी की गई। नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार निरीक्षण और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या कम हो और आवागमन सुचारु बना रहे।
Follow Samachar24