Loading...

गोवर्धन अधिक मास मेला: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा, रात्रि परिक्रमा पर प्रतिबंध

Gargachary Times 9 June 2026, 20:53 45 views
Mathura
गोवर्धन अधिक मास मेला: श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का कड़ा सुरक्षा घेरा, रात्रि परिक्रमा पर प्रतिबंध
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। गोवर्धन में चल रहे अधिक मास मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के पर्यवेक्षण में मेला क्षेत्र में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। पुलिस प्रशासन ने इस बार मेले की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करते हुए पूरे क्षेत्र को 3 सुपर जोन, 7 जोन और 9 सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक क्षेत्र में दिन और रात की पालियों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। मेले की सुरक्षा के लिए 14 इंस्पेक्टर, 55 उपनिरीक्षक समेत कुल 425 पुलिसकर्मियों को गोवर्धन कस्बे में लगाया गया है। श्रद्धालुओं की त्वरित सहायता और निगरानी के लिए 10 गिरिराज मोबाइल मोटरसाइकिल दस्तों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया गया है। वहीं आकस्मिक सहायता के लिए 16 यूपी-112 दोपहिया वाहनों को रणनीतिक स्थानों पर 24 घंटे की ड्यूटी पर लगाया गया है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए श्री गिरिराज जी तलहटी मार्ग पर रात्रिकालीन परिक्रमा को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। सांप और अन्य विषैले जीव-जंतुओं के खतरे को देखते हुए शाम 5 बजे से सुबह 5 बजे तक इस मार्ग पर परिक्रमा नहीं की जा सकेगी। श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित मुख्य परिक्रमा मार्गों—अन्यौर, पूछरी का लोटा और जतीपुरा मार्ग—का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कस्बा गोवर्धन में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। मल्टीलेवल पार्किंग, एकता तिराहा और डीग अड्डा से दानघाटी की ओर व्यावसायिक वाहनों, कारों और टैम्पो के आवागमन पर रोक रहेगी। स्थानीय निवासी आधार कार्ड दिखाकर दिन में केवल एक बार आवागमन कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक सौंख अड्डा, दानघाटी और डीग अड्डा क्षेत्र में दोपहिया वाहन, ई-रिक्शा और कारों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान स्थानीय निवासियों को भी किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी। हालांकि एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित आपातकालीन सेवाओं को इन प्रतिबंधों से मुक्त रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षित और सुगम परिक्रमा के लिए प्रशासन का सहयोग करें।
Follow Samachar24