Loading...

वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर जर्जर मकान का हिस्सा गिरने से हादसा, कई श्रद्धालु घायल

Gargachary Times 9 June 2026, 21:20 43 views
Mathura
वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर जर्जर मकान का हिस्सा गिरने से हादसा, कई श्रद्धालु घायल
वृंदावन। पुनीत शुक्ला ​उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थल वृंदावन में मंगलवार शाम को आए तेज अंधड़ के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. ठाकुर बांके बिहारी मंदिर क्षेत्र की गली नंबर-5 में स्थित शिवकुमार गोस्वामी के मकान की तीसरी मंजिल का एक पुराना और जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर नीचे आ गिरा. हादसे के वक्त दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं की गली में काफी भीड़ मौजूद थी, जिससे मलबे की चपेट में आने से करीब सात से नौ लोग घायल हो गए. अचानक हुए इस तेज धमाके और हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया और पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं और घायलों को तुरंत एंबुलेंस के जरिए पास के 100 शैया अस्पताल तथा रामकृष्ण मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया. ​हादसे का शिकार हुए श्रद्धालुओं में अलीगढ़ निवासी लक्ष्मीनारायण, आगरा के विजय और उनका पांच वर्षीय पुत्र रुद्रांश, उर्मिला देवी, राजस्थान की चंचल प्रजापति और जानकी देवी, मेधा सैनी, दिल्ली के जनकपुरी निवासी गोविंद और इटावा की आस्था भदौरिया शामिल हैं. घायलों के परिजनों के अनुसार, वे सभी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे और मंदिर से करीब 150 से 350 मीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ, जहां आंधी के साथ-साथ बंदरों के कूदने की वजह से पुराना छज्जा नीचे गिर गया. ​घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. अधिकारियों ने अस्पतालों का दौरा कर घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को उचित इलाज के निर्देश दिए. प्रशासन ने वीडियो संदेश जारी कर साफ किया है कि यह हादसा मुख्य मंदिर परिसर के भीतर नहीं बल्कि उससे काफी दूर एक निजी गली में हुआ है, इसलिए मंदिर के अंदर हादसा होने की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए. डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल पूरी तरह होश में हैं और खतरे से बाहर हैं. सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने उस मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोककर दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर दिया है. इसके साथ ही नगर निगम और स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र के अन्य जर्जर भवनों की जांच शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
Follow Samachar24