खेत पर निकला था विकास, 24 घंटे बाद भी नहीं लौटा घर
Gargachary Times
10 June 2026, 20:57
39 views
Mathura
फरह। ब्रज क्षेत्र में एक बार फिर नाबालिग के लापता होने से हड़कंप मच गया है। थाना फरह क्षेत्र के गांव कौह से 17 वर्षीय किशोर विकास संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया। परिजनों ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर बेटे की बरामदगी और मामले की गंभीरता से जांच की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, कौह निवासी बनवारी का बेटा विकास 9 जून 2026 की सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह खेत पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन शाम तक वापस न लौटने परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। परिवार ने रातभर रिश्तेदारी और गांव के आसपास संभावित सभी जगहों पर तलाश की, लेकिन विकास का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
24 घंटे बीत जाने के बाद भी जब किशोर घर नहीं पहुंचा तो परिजनों के होश उड़ गए। परेशान पिता बनवारी ने फरह थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी। तहरीर में उन्होंने बेटे के अचानक गायब होने पर आशंका जताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
किशोर के लापता होने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में सन्नाटा पसरा है और हर किसी की नजर बस विकास के लौटने की राह पर टिकी है।
थाना प्रभारी छोटेलाल ने बताया कि बनवारी की तहरीर मिल गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोर की तलाश शुरू कर दी है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।