जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय भ्रमण कर परीक्षा की स्थिति का जायजा लिया
Gargachary Times
10 June 2026, 21:03
39 views
Mainpuri
जिला प्रशासन की कड़ी चौकसी, उच्चाधिकारियों की निरंतर निगरानी, व्यवस्थापकों, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट की निरंतर भ्रमणशीलता, प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त मात्रा में पुलिस व्यवस्था, सघन तलाशी के चलते जनपद में उ.प्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती हेतु लिखित परीक्षा सकुशल निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न हुई, परीक्षार्थियों, उनके अभिभावकों के लिए परीक्षा केन्द्रों पर मूल-भूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करायी गयी, परीक्षार्थियों हेतु पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पीने हेतु ठण्डे पानी की उपलब्धता के साथ ही उनके अभिभावकों के लिए परीक्षा केन्द्रों से थोड़ी दूरी पर ठंडे पानी के टेंकर, बैठने हेतु छाया की व्यवस्था की गयी, प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर पर्याप्त मात्रा में ओ.आर.एस. के अलावा जरूरी दवाओं के साथ 01-01 एम्बुलेंस मय चिकित्सकीय दल के साथ उपलब्ध रही, प्रतिदिन परीक्षा में लगभग 25-30 प्रतिशत परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने तीनों दिन दोनों पालियों में प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों का स्थलीय भ्रमण कर परीक्षा की स्थिति का जायजा लिया, परीक्षा के अंतिम दिन उन्होने राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, दयानन्द इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, डॉ. भीमराव अम्बेडकर महाविद्यालय आदि परीक्षा केन्द्रों का भ्रमण कर जायजा लिया। उन्होने केन्द्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षा को विघ्नरहित, सुचिता पूर्वक सम्पन्न कराने में सबसे अहम भूमिका कक्ष निरीक्षकों की होती है, पुलिस भर्ती परीक्षा में लगे सभी शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन कर परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराया है।