अपर पुलिस महानिदेशक ने थाना आटा का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Gargachary Times
10 June 2026, 21:04
32 views
Jalaun
जालौन। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जनपद जालौन के भ्रमण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी आकाश कुलहरि के साथ थाना आटा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क तथा अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही थाना परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, मालखाने के रिकॉर्ड को अद्यतन बनाए रखने तथा महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों के संवेदनशील एवं त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को लंबित विवेचनाओं और प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने पर भी बल दिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक आकाश कुलहरि ने भी थाना स्तर पर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था स्थापित करने के लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन तथा क्षेत्राधिकारी कालपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना स्टाफ को बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने तथा जनता को प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया