जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक सम्पन्न, निर्यातकों की समस्याओं पर हुई चर्चा
Gargachary Times
10 June 2026, 21:08
35 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय निर्यात समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के निर्यातकों को आ रही विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।बैठक में निर्यातक एसोसिएशन के प्रतिनिधि राजेन्द्र गुप्ता ने कॉच उद्योग विकास केन्द्र से जुड़ी समस्याओं को जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इस पर जिलाधिकारी ने कॉच विशेषज्ञ रोहित कुमार को समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही प्रभारी कॉच उद्योग विकास केन्द्र एवं संबंधित निर्यातकों की उपस्थिति में केंद्र का निरीक्षण कराने तथा निदेशक की तैनाती के लिए पत्राचार करने के निर्देश भी दिए गए।
निर्यातकों ने मिनी औद्योगिक आस्थान उसायनी में ईपीसीएच की टेस्ट लैब स्थापना हेतु भूमि आवंटन की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को भूमि आवंटन प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
बैठक में गैस कटौती के कारण बढ़ी दरों का मुद्दा भी उठाया गया। जिलाधिकारी ने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहीं ईजीसीजी योजना का लाभ न मिलने की शिकायत पर उपायुक्त उद्योग को निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो से संपर्क कर समस्या समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने निर्यातकों को इलेक्ट्रिक फर्निश का उपयोग कर उत्पाद तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया तथा भविष्य में विद्युत विभाग एवं यूपीनेडा के साथ समन्वय स्थापित कर उद्योगों को लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया।बैठक में श्रीमती संध्या द्वारा निर्यात प्रोत्साहन ब्यूरो की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से दी गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अरविन्द द्विवेदी, उपायुक्त उद्योग, जिला अग्रणी प्रबंधक, उपायुक्त वाणिज्यकर, डीडीएम नाबार्ड, डीजीएफटी कानपुर के प्रतिनिधि सहित जनपद के प्रमुख निर्यातक उपस्थित रहे।