Loading...

राज्य परियोजना टीम ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, निपुण भारत अभियान की जाँच

Gargachary Times 28 August 2025, 16:53 204 views
Firozabad
राज्य परियोजना टीम ने किया विद्यालयों का निरीक्षण, निपुण भारत अभियान की जाँच
निपुण भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यालयों की व्यवस्थाओं की गुणवत्ता जांचने के उद्देश्य से राज्य परियोजना टीम ने गुरुवार को विकास खण्ड टूण्डला के प्राथमिक विद्यालय बसई एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय बसई का निरीक्षण किया। टीम में शामिल उप शिक्षा निदेशक श्री राजकुमार यादव और राज्य परियोजना कार्यालय के विशेषज्ञ श्री विपिन कुमार ने विद्यालय परिसर का गहन भ्रमण किया। उन्होंने कक्षाओं, शौचालयों और खेल मैदान की साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करते हुए इसे और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी सीखने-समझने की क्षमता परखी। विशेष रूप से गणित और भाषा विषय में बच्चों की दक्षता का मूल्यांकन करते हुए निपुण भारत अभियान की प्रगति का आकलन किया। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिए जिस पर टीम ने प्रसन्नता व्यक्त की। टीम ने विद्यालय से जुड़े आंगनवाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध पोषण व्यवस्था, बच्चों की उपस्थिति तथा अभिलेखों की जाँच की। निरीक्षण के उपरांत अधिकारियों ने शिक्षकों की बैठक लेकर उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित मूल्यांकन, विद्यार्थियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ और अनुशासित बनाए रखने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान खण्ड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय श्री उपेंद्र सिंह खंड शिक्षा अधिकारी टूण्डला ज्योति पाठक, प्रधानाध्यापक और शिक्षक उपस्थित रहे। साथ ही जॉइन डायरेक्टर के साथ मंडल के सभी BSA के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की समीक्षा की गई है।
Follow Samachar24