Loading...

मथुरा में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मेगा मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी तैयारियां

Gargachary Times 11 June 2026, 20:26 39 views
Mathura
मथुरा में बाढ़ आपदा से निपटने के लिए मेगा मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी तैयारियां
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मथुरा द्वारा गुरुवार को जनपद की मांट और छाता तहसील के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मेगा बाढ़ मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे शुरू हुई यह मॉक ड्रिल शाम 5 बजे तक विभिन्न आपदा परिदृश्यों के अभ्यास के साथ संपन्न हुई। मॉक ड्रिल के तहत तहसील छाता के ग्राम मझोई स्थित देवी माता मंदिर के निकट तथा तहसील मांट के ग्राम डंगोई खादर/नगला बैसला के यमुना तटवर्ती क्षेत्र में बाढ़ से संबंधित घटनाओं का यथार्थपरक प्रदर्शन किया गया। छाता क्षेत्र में बाढ़ के दौरान व्यक्ति के डूबने, नाव पलटने तथा प्रभावित लोगों के सुरक्षित रेस्क्यू और तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया। वहीं मांट क्षेत्र में मुख्य मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति, राहत शिविर की स्थापना, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण तथा विभिन्न विभागों के समन्वित राहत कार्यों का प्रदर्शन किया गया। छाता में मॉक ड्रिल का नेतृत्व इंसिडेंट कमांडर एवं उप जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने किया, जबकि मांट में उप जिलाधिकारी दीपिका मेहर के नेतृत्व में अभ्यास संचालित किया गया। अभ्यास में पुलिस, पीएसी, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीमों, एम्बुलेंस सेवाओं, सिविल डिफेंस, आपदा मित्रों, राजस्व विभाग, ग्राम स्तरीय आपदा प्रबंधन समितियों तथा अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी एजेंसियों ने आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शन किया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, एनसीसी, होमगार्ड्स, पुलिस, सिविल डिफेंस और अग्निशमन विभाग के जवानों को आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिला प्रशासन ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान विभिन्न विभागों की तैयारियों का परीक्षण, समन्वय को मजबूत करना और जनसुरक्षा के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना था। इस दौरान छाता में उप जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा, तहसीलदार सचिन पवार, नायब तहसीलदार अनमोल गर्ग सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं मांट में अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी दीपिका मेहर, क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह और तहसीलदार सुशील गुप्ता मौजूद रहे। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों के सहयोग की सराहना करते हुए भविष्य में भी आपदा प्रबंधन तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
Follow Samachar24