फिरोजाबाद में खाद्य मसालों पर एफडीए की छापेमारी, कई नमूने लिए गए
Gargachary Times
12 June 2026, 19:18
7 views
Firozabad
फिरोजाबाद। प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने फिरोजाबाद में मसाला निर्माताओं और थोक विक्रेताओं पर छापेमार कार्रवाई की। यह अभियान फूड कमिश्नर डा० रोशन जैकब के निर्देशों पर चलाया जा रहा है, जिसमें पैक्ड खाद्य पदार्थों, निर्माताओं और थोक विक्रेताओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन में सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय द्वारा जिले में अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्रवाई की गई।छापेमारी के दौरान लालऊ रोड स्थित मेसर्स रुटीन मसाले से हल्दी एवं धनिया पाउडर के नमूने लिए गए। वहीं जलेसर रोड स्थित मेसर्स जे.पी. मसाले से हल्दी का नमूना संग्रहित किया गया। लालऊ रोड स्थित मेसर्स आस्था इंटरप्राइजेज से मिर्च पाउडर का नमूना लिया गया।इसके अलावा शिकोहाबाद स्थित मोहन मसाला उद्योग के तीन निर्माण एवं थोक विक्रय केंद्रों से एक-एक नमूना संकलित किया गया। सिरसागंज स्थित अनुज इंटरप्राइजेज से धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और दाल-सब्जी मसाले सहित कुल चार नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा मुखबिरों की सहायता से मिलावट के केंद्रों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। शासन की ओर से जारी नई एसओपी के तहत अब एक-एक खाद्य पदार्थ की सघन जांच की जाएगी। जांच में कमी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जाएगी।