Loading...

बाल श्रम उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: डॉ. जफर आलम

Gargachary Times 12 June 2026, 19:19 6 views
Firozabad
बाल श्रम उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी: डॉ. जफर आलम
फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम विरोध दिवस के अवसर पर नव भारतीय नारी विकास समिति द्वारा बंबा रोड स्थित इकरा कॉन्वेंट स्कूल में बाल श्रम उन्मूलन, बाल तस्करी की रोकथाम और बच्चों को शिक्षा एवं सुरक्षा दिलाने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों एवं समुदाय के लोगों ने भाग लिया।सहायक श्रमायुक्त यशवंत कुमार ने कहा कि बाल श्रम बच्चों के मौलिक अधिकारों का सीधा हनन है। उन्होंने कहा कि हर बच्चे का स्थान विद्यालय में होना चाहिए, न कि कारखानों या दुकानों में। इस दौरान उन्होंने ई-श्रम कार्ड, श्रमिक पंजीकरण और आशीर्वाद योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग थाना प्रभारी विपिन कुमार ने लोगों से बाल श्रम, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सजग रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की सूचना समय रहते पुलिस और प्रशासन को देना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. जफर आलम ने कहा कि बाल श्रम मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा जब प्रशासन, शिक्षक, सामाजिक संगठन, अभिभावक और आमजन मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने बाल श्रम रोकने के लिए विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने, गरीब परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, बाल श्रम कराने वालों पर सख्त कार्रवाई तथा व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बाल अधिकारों की रक्षा और बाल श्रम उन्मूलन के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Follow Samachar24