लड़की देखकर लौट रहे दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत
Gargachary Times
13 June 2026, 21:08
11 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना जसराना क्षेत्र में शुक्रवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई अपने छोटे भाई के लिए लड़की देखकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार थाना जसराना क्षेत्र के गांव मिलावली खड़ीत निवासी 30 वर्षीय बृजेश और उसका छोटा भाई 28 वर्षीय बंटी शुक्रवार रात करीब 10 बजे बाइक से घर वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों अपने छोटे भाई के रिश्ते के सिलसिले में लड़की देखकर लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक नवादा के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। एक साथ दो बेटों की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में भी मातम का माहौल है। जहां घर में शादी की खुशियों की तैयारी होनी थी, वहां अब गम का सन्नाटा पसरा हुआ है।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।