Loading...

डीएम संतोष कुमार शर्मा ने संयुक्त चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक

Gargachary Times 14 June 2026, 21:21 17 views
Firozabad
डीएम संतोष कुमार शर्मा ने संयुक्त चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से लिया फीडबैक
फिरोजाबाद। शासन की मंशानुरूप आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों एवं उनके तीमारदारों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और उपचार सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, एनआरसी, एसएसएनसीयू, सिजेरियन वार्ड, सामान्य प्रसव वार्ड, आयुष्मान वार्ड, डेंगू वार्ड तथा जनरल वार्ड का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के व्यवहार तथा इलाज की गुणवत्ता के बारे में फीडबैक लिया। मरीजों ने चिकित्सालय की सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं वार्डों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के बेड की चादरें प्रतिदिन बदली जाएं और स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि सफाई व्यवस्था संभाल रही कंपनी के कुछ कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में नहीं थे, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। अस्पताल में भर्ती दो पुरुष मरीजों से बातचीत के दौरान यह जानकारी सामने आई कि एक मरीज के चार तथा दूसरे के सात बच्चे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने दोनों को परिवार नियोजन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि ऐसे सभी मरीजों की अनिवार्य रूप से काउंसलिंग कर उन्हें परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा पर ध्यान दिया जा सके। डॉक्टरों ने जिलाधिकारी को बताया कि वर्तमान समय में अस्पताल में मुख्य रूप से इन्फेक्शन, फूड पॉइजनिंग, बुखार और डायरिया के मरीज अधिक आ रहे हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि वर्तमान में अस्पताल में डेंगू अथवा हीट स्ट्रोक का कोई मरीज भर्ती नहीं है। निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय से निःशुल्क दवाएं और बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।
Follow Samachar24