Loading...

पीएम राहत योजना के कैशलेस लाभ हेतु पुलिस कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

Gargachary Times 15 June 2026, 21:08 2 views
Firozabad
पीएम राहत योजना के कैशलेस लाभ हेतु पुलिस कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस चिकित्सा लाभ उपलब्ध कराने के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को पुलिस कार्यालय सभागार में प्रशिक्षण गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/लाइंस के नेतृत्व में संपन्न हुआ। गोष्ठी में जनपद के सभी थानों के कंप्यूटर ऑपरेटरों, प्रत्येक थाने से नामित दो-दो उप निरीक्षकों तथा सीसीटीएनएस एवं सीसी टीम प्रभारियों ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना की जानकारी देकर पात्र पीड़ितों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से लाभ पहुंचाना रहा।इस अवसर पर एनआईसी के रोल आउट मैनेजर ज्ञान प्रकाश गौतम ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से प्रधानमंत्री राहत योजना की कार्यप्रणाली, पात्रता, ऑनलाइन प्रक्रिया, आवश्यक अभिलेखों तथा योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए जाने वाले कैशलेस लाभ की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए योजना के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि दुर्घटना अथवा अन्य पात्र मामलों में पीड़ित व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पूरी गंभीरता से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आमजन को भी योजना के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को इसका लाभ मिल सके।
Follow Samachar24