रोज़गार के नाम पर युवाओं की उम्मीदों की बेरहमी से हत्या: वंशराज दुबे
Gargachary Times
28 August 2025, 21:23
175 views
Lucknow
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित तथाकथित “रोज़गार महाकुंभ” एक बार फिर योगी सरकार की खोखली नीतियों और युवाओं के साथ हुए भयंकर छलावे की पोल खोल चुका है। इस मामले पर आप यूपी के मुख्य प्रवक्ता और प्रदेश प्रभारी(आप छात्र विंग) वंशराज दुबे ने सरकार पर हमलावर होते हुए कहा कि –“सरकार ने बड़े-बड़े दावे किए कि लाखों युवाओं को नौकरी मिलेगी, लेकिन हक़ीक़त यह है कि सिर्फ़ चुनिंदा कंपनियों में मामूली वेतन वाली नौकरियां बांटकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। युवाओं को 15 से 50 हज़ार की नौकरी के नाम पर घंटों लाइन में खड़ा कर अपमानित किया गया। यह ‘रोज़गार महाकुंभ’ नहीं बल्कि ‘रोज़गार मज़ाक’ है।”
वंशराज दुबे ने कहा कि इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रोजगार महाकुंभ में नौकरी की तलाश में पहुंचे युवाओं को नौकरी के नाम पर सिर्फ अव्यवस्था और निराशा ही मिली, न इंटरव्यू हुआ और न ही नौकरी की कोई ठोस जानकारी दी गई। अव्यवस्था का आलम यह था कि अभ्यर्थियों को कंपनियों के स्टॉल तक पहुंचना मुश्किल हो गया। किसी को कुछ भी नहीं पता था कि उन्हें कहां नौकरी मिलेगी और किससे संपर्क करना है। लोग एक स्टॉल से दूसरे स्टॉल तक सिर्फ दौड़ते ही नजर आए। कंपनियों ने अभ्यर्थियों के बायोडेटा जमा करने के बाद उन्हें कूड़े में फेंक दिया, जिससे आक्रोशित होकर लोगों ने "योगी सरकार हाय हाय" के नारे लगाए।
वंशराज दुबे ने कहा कि हमेशा की तरह इस बार भी योगी सरकार की ओर से लंबी लंबी लफ्जियां की गई की रोजगार मेले में करीब 50 हज़ार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार ने दावा किया था कि 100 कंपनियां रोजगार देंगी। इनमें 20 विदेशी कंपनियां भी होंगी। लेकिन हकीकत यह की कंपनियों द्वारा जमीन पर फेंक दिए गए हजारों युवाओं के बायोडाटा और युवाओं के चेहरे पर दिख रही निराशा और आक्रोश इस रोजगार महाकुंभ में युवाओं के साथ बड़े स्तर पर हुए फर्जीवाड़े की पोल खोलते नजर आए। कुछ युवाओं ने बताया की जर्मनी में जॉब का ऑफर देकर बुलाया था, अब कह रहे हैं कि दुबई में नौकरी मिलेगी। वंशराज दुबे ने कहा कि यहां सब दिखावा है, सिर्फ जनता को दिखाना है कि यहां रोजगार महाकुंभ लगा है।
वंशराज दुबे ने भाजपा सरकार पर तीखा आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की सरकार जब से आई है केंद्र हो या राज्य, हर जगह नौकरी और भर्तियों के नाम पर छात्र छात्राओं को सिर्फ ठगने का काम ही किया गया है। सरकार न सिर्फ देश के युवाओं को बेरोजगार रहने देना चाहती है, बल्कि समय-समय पर इनकी बेरोजगारी का मजाक भी उड़ाती रही है। कभी लाठी चार्ज करके तो कभी ऐसे फर्जी रोजगार महाकुंभ को लगाकर भाजपा ने सिर्फ देश के युवाओं को बेरोजगारी के दलदल में झोंककर अपनी चुनावी रैलियां की भीड़ का हिस्सा ही बनाने का काम किया है।
वंशराज दुबे ने कहा कि यूपी सरकार युवाओं को नौकरी देने की जगह सिर्फ़ “प्रचार की नौटंकी” कर रही है। मुख्यमंत्री अख़बारों में विज्ञापन देकर रोज़गार देने का दावा करते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि लाखों युवा रोज़गार की आस में दर-दर भटक रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा –“युवाओं को सम्मानजनक नौकरी देने की बजाय योगी सरकार उन्हें ठेकेदारी, सुरक्षा गार्ड और मामूली पैकेज पर खपाने का काम कर रही है। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश के भविष्य के साथ सबसे बड़ा धोखा किया है।”