Loading...

“बुजुर्गों को सहानुभूति नहीं, समानुभूति और ममता की जरूरत” : जिलाधिकारी

Gargachary Times 15 June 2026, 21:09 4 views
Firozabad
“बुजुर्गों को सहानुभूति नहीं, समानुभूति और ममता की जरूरत” : जिलाधिकारी
फिरोजाबाद। विश्व वृद्ध जन जागरूकता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बन्ना रोड, टूंडला स्थित आवासीय वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और भावुक होकर उनका हालचाल जाना। जिलाधिकारी ने कहा कि बुजुर्गों को केवल सहानुभूति नहीं, बल्कि समानुभूति और ममता की आवश्यकता है। वर्ष 2017 से ‘ग्रामीण विकास सेवा संघ’ द्वारा संचालित इस वृद्धाश्रम में वर्तमान में 47 वृद्धजन निवास कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कई बुजुर्गों ने अपने अकेलेपन और पारिवारिक उपेक्षा का दर्द साझा किया। वीरपाल सिंह नामक एक वृद्ध ने रोते हुए बताया कि बेटे की मृत्यु के बाद नाती-पोतों ने उनकी देखभाल नहीं की, जिसके चलते उन्हें आश्रम में रहना पड़ रहा है।जिलाधिकारी ने आश्रम स्टाफ को संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि “बुढ़ापा वास्तव में बचपन का पुनरागमन होता है।” उन्होंने मुंशी प्रेमचंद के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि बुजुर्गों के साथ वैसा ही व्यवहार किया जाना चाहिए, जैसा एक मां अपने छोटे बच्चे के साथ करती है। उन्होंने कहा कि किसी भी बुजुर्ग की बातों से चिढ़ना नहीं चाहिए, बल्कि उनके मानसिक और भावनात्मक दर्द को समझना चाहिए।आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” रखी गई है। उन्होंने निर्देश दिए कि आश्रम में बुजुर्गों की शारीरिक क्षमता के अनुरूप नियमित योगाभ्यास कराया जाए, जिससे वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकें।जिलाधिकारी ने अमीर सिंह, शीला देवी, विजय बहादुर सहित अन्य वृद्धजनों से भी बातचीत की और संबंधित अधिकारियों को सभी बुजुर्गों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को समय-समय पर आश्रम का निरीक्षण करने और बुजुर्गों के सुख-दुख में सहभागी बनने के निर्देश भी दिए गए।निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने सभी वृद्धजनों को फल वितरित किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी टूंडला अनुराधा सिंह एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी राजमती भी उपस्थित रहीं।
Follow Samachar24