चौधरी चरण सिंह सभागार में गूंजा विकास का नारा, 12 साल की उपलब्धियां गिनाईं
Gargachary Times
16 June 2026, 18:19
42 views
Mathura
फरह। भारत सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड कार्यालय फरह के चौधरी चरण सिंह सभागार में सोमवार को "12 साल विश्वास, विकास और जनकल्याण अभियान" के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं 12 साल की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बलदेव विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, पीएम आवास, किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में जनभागीदारी सबसे अहम है।
इस मौके पर खंड विकास अधिकारी प्रवीन कुमार झा ने विभागीय योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट रखी। भाजपा जिला महामंत्री आकाश चौधरी ने कहा कि पारदर्शी प्रशासन से योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के मिल रहा है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनिल सिंह तरकर, जिला मंत्री सुरेश तरकर, दीनदयाल धाम मंडल अध्यक्ष पारस ठाकुर, ओल मण्डल अध्यक्ष मनीष ओझा और एडीओ पंचायत थान सिंह ने भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।
कार्यक्रम का संचालन सचिव रामकुमार ने किया। उन्होंने पीएम स्वनिधि, हर घर जल, मुद्रा योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि डबल इंजन सरकार में फरह क्षेत्र में सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे। अंत में उपस्थित लोगों को योजनाओं से जोड़ने और जागरूक रहने का आह्वान किया गया।