भाजपा सरकार के बनाए हर ‘कॉरिडोर’ और ‘चौड़ीकरण’ की योजना के पीछे जो घपला-घोटाला है: अखिलेश यादव
Gargachary Times
16 June 2026, 19:22
64 views
Lucknow
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के बनाए हर ‘कॉरिडोर’ और ‘चौड़ीकरण’ की योजना के पीछे जो घपला-घोटाला है, उसके लिए एक बहुसदस्यीय न्यायिक जाँच हो। इसमें संलिप्त न कोई ट्रस्टी बक्शा जाए, न किसी कमेटी का कोई सदस्य और न ही कोई प्रशासनिक और विकास प्राधिकरण का अधिकारी। इतने बड़े घोटाले इन सबकी मिलीभगत से ही होते हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले कुछ सालों में इन कामों से जो भी जुड़ा रहा है और जिन पदाधिकारियों और अधिकारियों ने मुख्य-मुख्य भूमिका निभाई है, उनकी गैरकानूनी तरीके से कमाई गयी काली संपत्ति व अकूत धन-संपदा की भी जाँच आम जनता, ईमानदार पत्रकारों व बहुदलीय जनप्रतिनिधियों की निगरानी में हो।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा है। हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार और लूट है। भाजपा के भ्रष्टाचार से कोई क्षेत्र अछूता नहीं है। उत्तर प्रदेश में बजट की लूट तो हो ही रही है। अब तो अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावा की भी लूट हो गयी है। घपला और घोटाला भाजपा सरकार की पहचान बन चुके है। भाजपा राजनीतिक दल नहीं गैंग है। भाजपाई गैंग बनाकर संगठित तरीके से घपला कर रहे हैं। भाजपा धर्म को धोखा देती है। घोर अंधेर राज चल रहा है। भाजपा का काम झूठ बोलना जनता से फरेब करना हैं भाजपा विश्वासघात करती है। धोखेबाज पार्टी है। भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है, बेईमानी करके सत्ता पर कब्जा बनाए रखना चाहती हैं। जनता भाजपा के धोखे, विश्वासघात और बेईमानी को समझ चुकी है। प्रदेश की जनता 2027 में भाजपा के हमेशा के लिए सत्ता से हटा देगी।