अपना घर सेवा समिति महिला इकाई द्वारा आश्रम में सेवा एवं अन्नदान कार्यक्रम आयोजित
Gargachary Times
17 June 2026, 19:16
56 views
Dholpur
सामाजिक सेवा एवं मानवता के प्रति समर्पित अपना घर सेवा समिति द्वारा आश्रम में निवास कर रहे प्रभुजनों के लिए ठंडाई वितरण एवं अन्नदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद एवं आश्रय प्राप्त प्रभुजनों की सेवा कर उन्हें अपनत्व एवं सम्मान का भाव प्रदान करना रहा। अपना घर सेवा समिति की महिला इकाई की अध्यक्ष ऊषा मित्तल के नेतृत्व में कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बाड़ी कोतवाली थानाधिकारी देवेंद्र शर्मा उपस्थित रहे। उनके सानिध्य में आश्रम में रह रहे सभी प्रभुजनों को प्रेमपूर्वक ठंडाई वितरित की गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने सेवा कार्य को मानवता की सच्ची मिसाल बताया। सेवा कार्य को आगे बढ़ाते हुए अपना घर महिला इकाई टीम द्वारा आश्रम को लगभग 250 किलोग्राम पोहा, 100 किलोग्राम चावल एवं 30 किलोग्राम दाल का दान भी किया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि समाज के वंचित एवं असहाय लोगों की सेवा ही सच्ची मानव सेवा है और ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रभुजनों के साथ समय बिताकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा समाज के लोगों से भी सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस सेवा एवं सहयोग के कार्य ने यह संदेश दिया कि मानवता, संवेदनशीलता और परोपकार ही एक बेहतर समाज की नींव हैं। उपस्थित सभी लोगों ने समिति के इस कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की।