Loading...

योग दिवस से पहले फरह CHC में गूंजा 'स्वस्थ भारत' का नारा, कर्मचारियों ने किया योग

Gargachary Times 17 June 2026, 19:25 40 views
Mathura
योग दिवस से पहले फरह CHC में गूंजा 'स्वस्थ भारत' का नारा, कर्मचारियों ने किया योग
फरह। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के तत्वावधान में चल रहे योग सप्ताह के तहत बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरह में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिलाधिकारी मथुरा, मुख्य विकास अधिकारी तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. डिगंबर सिंह के निर्देशन और जिला कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। योग प्रशिक्षक दीपेन्द्र सिंह ने सीएचसी के मुख्य अधीक्षक डॉ. रामवीर सिंह सहित सभी अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा और एएनएम को ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन के साथ अनुलोम-विलोम, कपालभाति, नाड़ी शोधन, शीतली प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। योग प्रशिक्षक ने कहा कि योग प्राचीन विद्या है जो जीवन को स्वस्थ, संतुलित एवं सफल बनाती है। यह न केवल शरीर को फिट रखता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मबल और सकारात्मक ऊर्जा भी देता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। कार्यक्रम में सभी महिला-पुरुष कर्मियों ने उत्साह से भाग लिया। अधिकारियों ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का आह्वान किया।
Follow Samachar24