Loading...

ट्रॉमा सेंटर में मेडिकल के नाम पर 5 हजार रुपये लेने का आरोप, शिकायत पर लौटाई गई रकम

Gargachary Times 17 June 2026, 19:34 40 views
Firozabad
ट्रॉमा सेंटर में मेडिकल के नाम पर 5 हजार रुपये लेने का आरोप, शिकायत पर लौटाई गई रकम
फिरोजाबाद। सरकारी ट्रॉमा सेंटर में मेडिकल परीक्षण कराने आए एक युवक से ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट द्वारा पैसे लेने का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। शिकायत के बाद अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर पीड़ित को उसके 5 हजार रुपये वापस कराए। फिलहाल मामले की जांच जारी है। थाना लाइनपार क्षेत्र के छारबाग निवासी दीपक सोमवार देर रात अपनी पत्नी और मां का मेडिकल परीक्षण कराने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां ड्यूटी पर तैनात फार्मासिस्ट अजय राठौर ने “अच्छा मेडिकल” बनाने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की। बाद में कथित तौर पर 5 हजार रुपये ले लिए गए और 3 हजार रुपये और देने की बात कही गई।पीड़ित द्वारा उच्चाधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और पीड़ित को उसके 5 हजार रुपये वापस कराए गए। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन जैन ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि मेडिकल परीक्षण के नाम पर किसी भी प्रकार से पैसे नहीं लिए जाने चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में शिकायतकर्ता और संबंधित कर्मचारी दोनों से बातचीत की गई है तथा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।सीएमएस ने यह भी कहा कि ट्रॉमा सेंटर परिसर में कुछ बाहरी लोगों और कथित दलालों की मौजूदगी से अव्यवस्था की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में अनधिकृत रूप से बैठकर मरीजों से संपर्क करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की आवश्यकता है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24