हूटिंग ने कराया 2 गांवों के बीच पथराव, आधा दर्जन घायल, बरोदा-नगला सोनपाल में हुआ खूनी संघर्ष
Gargachary Times
17 June 2026, 19:36
37 views
Firozabad
फरह। थाना फरह क्षेत्र के गांव बरोदा और नगला सोनपाल में मामूली हूटिंग यानी फब्तियां कसने की बात ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों गांवों के कुछ ग्रामीणों के बीच हुई गालीगलौज के बाद नगला सोनपाल के लोगों ने बरोदा में घरों पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया, जिसमें आधा दर्जन लोग लहूलुहान हो गए। अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत हूटिंग से हुई। बात बढ़ने पर नगला सोनपाल के कुछ ग्रामीणों ने बरोदा के घरों पर हमला बोल दिया और काफी देर तक पत्थर बरसाए। पथराव में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए। सूचना पर फरह पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिंताजनक हालत के चलते एक घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा, जबकि अन्य को जिला अस्पताल मथुरा रेफर कर दिया गया।
ये हुए घायल
घायलों में नगला सोनपाल निवासी हेम प्रकाश, बलवीर, विनय, कृष्णा, प्रवीण और बरोदा निवासी सुनील पुत्र निरंजन सिंह शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ रिफाइनरी प्रवीन कुमार भी गांव पहुंचे और भारी पुलिस बल के साथ बरोदा व नगला सोनपाल में फ्लैग मार्च किया। एहतियातन दोनों गांवों में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है।
थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि
तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल गांव में शांति है, लेकिन तनाव बना हुआ है। पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील की है।