जिला अस्पताल में कन्या सुमंगला योजना जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, नवजात कन्याओं को वितरित की गई बेबी किट
Gargachary Times
17 June 2026, 19:37
50 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिला अस्पताल परिसर स्थित सैय्या अस्पताल के प्रसूति विभाग में बुधवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती मीना कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर एसडीएम सदर, सीएमएस डॉ. नवीन जैन, महिला कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ, प्रसूता महिलाएं एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन की अधिकारी एवं जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अनम अकाशा द्वारा किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवार की दो बेटियों को कुल 25 हजार रुपये की सहायता छह किस्तों में दी जाती है। जन्म पर 5 हजार रुपये, पूर्ण टीकाकरण पर 2 हजार रुपये तथा कक्षा 1, 6, 9 और 10/12 अथवा उच्च शिक्षा में प्रवेश पर शेष धनराशि प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि यह योजना कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को रोकने के साथ-साथ बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में सहायक है।राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती मीना कुमारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं और उन्हें बोझ नहीं समझना चाहिए। सरकार बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा तक कई योजनाओं के माध्यम से सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना सहित डाकघर एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों से बेटियों को समान अधिकार एवं बेहतर शिक्षा देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्याओं के साथ केक कटिंग सेरेमनी आयोजित की गई तथा 20 नवजात बालिकाओं को बेबी किट वितरित की गई। कार्यक्रम के अंत में एसडीएम द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई गई। इसके बाद अस्पताल का निरीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मिथलेश सिंह, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिव्या, डॉ. नैंसी यादव, एचडीओ सौरभ प्रकाश श्रीवास्तव सहित अस्पताल के चिकित्सक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।