मीडिया बंधुओं ने किया विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन, 12 वर्षों की उपलब्धियों की दिखाई गई झलक
Gargachary Times
17 June 2026, 19:38
48 views
Firozabad
फिरोजाबाद। केंद्र सरकार के सफल एवं गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विकास भवन प्रांगण में भव्य चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन लोकतंत्र के चतुर्थ स्तंभ मीडिया जगत के वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया बंधुओं द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।प्रदर्शनी में वर्ष 2014 से 2026 तक केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक चित्रों एवं प्रामाणिक आंकड़ों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा से जुड़े ऐतिहासिक निर्णयों के साथ-साथ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेस-वे, हाईवे और विकास परियोजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई।इसके अलावा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान, गरीब कल्याण योजनाओं और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती साख को भी प्रमुखता से दर्शाया गया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत 80 करोड़ से अधिक लोगों को हर माह दिए जा रहे निशुल्क राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 4.12 करोड़ तथा शहरी क्षेत्रों में 1.25 करोड़ से अधिक आवासों के निर्माण की जानकारी दी गई।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत देशभर में बनाए गए 11.7 करोड़ से अधिक शौचालयों की उपलब्धि और आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जारी किए गए 45 करोड़ से अधिक आयुष्मान कार्डों का विवरण भी प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण रहा।कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि सहायक श्रम आयुक्त के नेतृत्व में 12 पंजीकृत श्रमिकों के दल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। श्रमिकों ने योजनाओं की सरल एवं प्रभावी प्रस्तुति की सराहना करते हुए सरकार के प्रयासों की प्रशंसा की।
प्रदर्शनी के दौरान विकास भवन में आम नागरिकों, युवाओं और लाभार्थियों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने विभिन्न स्टॉलों के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर जागरूकता दिखाई।