किसान समाधान दिवस में किसानों को दी गई आधुनिक खेती और जैविक कृषि की जानकारी
Gargachary Times
17 June 2026, 19:38
58 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान समाधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक खेती, जैविक कृषि, पशुपालन एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री अरविन्द्र द्विवेदी ने कहा कि किसान समाधान दिवस के माध्यम से किसानों को कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा खेती से जुड़ी नवीन तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने किसानों से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। साथ ही विद्युत एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार बिजली और सिंचाई जल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि 1 जून से 30 जून 2026 तक जनपद में “खेत बचाओ अभियान” चलाया जा रहा है। उन्होंने किसानों को मृदा परीक्षण के अनुसार उर्वरकों के प्रयोग की सलाह देते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ता है।जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने जानकारी दी कि राजकीय बीज भंडारों पर श्रीअन्न, संकर बाजरा, संकर मक्का, संकर धान एवं बासमती धान के निःशुल्क मिनीकिट उपलब्ध हैं। किसान विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग कर बीज प्राप्त कर सकते हैं।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सोमेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री गौ-संवर्धन योजना, नन्दनी एवं मिनी नन्दनी योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशुपालन विभाग की एमवी यूनिट-1962 सेवा के माध्यम से किसान अपने गांव में ही पशुओं का उपचार करा सकते हैं।
उप निदेशक कृषि रक्षा राजेश कुमार ने बताया कि कृषि रक्षा इकाई पर जैविक कीटनाशक 75 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। किसानों को फसल रोग एवं कीट संबंधी जानकारी के लिए एनपीएसएस ऐप और व्हाट्सएप नंबर 9455224711 एवं 9452257111 का उपयोग करने की सलाह दी गई।जिला उद्यान अधिकारी चन्द्रप्रकाश अवस्थी ने ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली को कम लागत में अधिक उत्पादन का बेहतर विकल्प बताते हुए किसानों को इन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनपद के विभिन्न विकास खंडों से आए प्रगतिशील किसानों ने प्रतिभाग किया। अंत में जिला कृषि अधिकारी ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया।