Loading...

फादर्स डे के उपलक्ष्य में राजीव इंटरनेशनल स्कूल में लगे चौके-छक्के, शिक्षकों और अभिभावकों के मध्य खेला गया मैत्री क्रिकेट मुकाबला

Gargachary Times 17 June 2026, 19:42 68 views
Sports
फादर्स डे के उपलक्ष्य में राजीव इंटरनेशनल स्कूल में लगे चौके-छक्के, शिक्षकों और अभिभावकों के मध्य खेला गया मैत्री क्रिकेट मुकाबला
मथुरा। पिता के प्रेम, त्याग, बलिदान और समर्पण के प्रति सम्मान प्रदर्शित करने के उद्देश्य से राजीव इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को शिक्षकों और अभिभावकों के बीच मैत्री क्रिकेट मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों की हौसलाअफजाई अभिभावकों, शिक्षकों तथा छात्र-छात्राओं ने की। क्रिकेट मुकाबले का शुभारम्भ केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने दोनों टीमों से परिचय प्राप्त कर तथा टॉस उछाल कर किया। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में फादर्स डे के उपलक्ष्य में बुधवार को टीचर्स और अभिभावकों के मध्य क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। दोनों टीमों ने स्वस्थ खेलभावना के साथ अपना-अपना बेहतरीन प्रदर्शन किया। दर्शक दीर्घा में उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं ने हर चौके-छक्के पर जहां बल्लेबाजों का उत्साह बढ़ाया वहीं विकेट गिरने पर गेंदबाजों की हौसलाअफजाई की। दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। अंततः रोमांचक मुकाबला टीचर्स टीम ने जीता। विजेता टीचर्स टीम को मुख्य अतिथि कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए फादर्स टीम के चरण सिंह को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार प्रदान किया गया। फादर्स डे के उपलक्ष्य में किंडर गार्डन के नन्हें-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने अपने पिता के साथ बिताए गए यादगार पलों की तस्वीरें और वीडियोज सभी से साझा कीं। स्कूल के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि पिता ही बच्चों के सही मायने में रखवाले होते हैं। बच्चों को कदम-कदम पर संभालने का काम पिता ही करते हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि पिता बच्चों का जन्मदाता और भाग्य विधाता होता है। बच्चों के पालन पोषण की उनकी जिम्मेदारी होती है। कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने अपने सम्बोधन में कहा माता-पिता दुनिया के सबसे अनमोल रत्न होते हैं। उनके प्यार और आशीर्वाद के बिना संसार में कुछ भी सम्भव नहीं है। बच्चों के लिए सबसे प्रथम और सबसे बड़े आदर्श उनके माता-पिता ही होते हैं। इस अवसर पर केडी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने अपने सम्बोधन में कहा कि माता-पिता तो देवी-देवता समान होते हैं। माता-पिता की सेवा करना प्रत्येक पुत्र का परम कर्तव्य और धर्म होता है। उन्होंने कहा कि पितृ दिवस मनाना पिता और संतान के रिश्तों की डोर को मजबूती प्रदान करना है। राजीव इंटरनेशनल स्कूल की प्रिंसिपल नंदिता ढींगरा ने कहा कि पितृ दिवस मनाना एक सामाजिक उत्सव है, इससे एक पिता को अपने बच्चों के लिए उसकी अहमियत का पता चलता है। उन्होंने कहा कि पिता का योगदान हम सभी के जीवन में अतुलनीय है जिनका स्थान और कोई नहीं ले सकता। प्रिंसिपल श्रीमती ढींगरा ने कहा कि फादर्स डे के उपलक्ष्य में क्रिकेट मैच का आयोजन खेलप्रेम को बढ़ावा देने के साथ-साथ शिक्षकों और अभिभावकों के मध्य सहयोग की भावना को प्रगाढ़ करना तथा पिता के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करना है।
Follow Samachar24