केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ, लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र व टूलकिट
Gargachary Times
17 June 2026, 20:12
42 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को मथुरा कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी और स्टॉलों का अवलोकन कर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया गया है।
प्रदर्शनी में बेसिक शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, पंचायती राज, महिला कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, खादी एवं ग्रामोद्योग, उद्यान, प्रोबेशन, पुलिस विभाग समेत विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी स्टॉलों के माध्यम से प्रदर्शित की। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने एक जिला-एक उत्पाद एवं एक जिला-एक व्यंजन स्टॉल का अवलोकन किया तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और व्यंजनों की सराहना की। साथ ही जैविक खेती से उत्पादित सब्जियों की जानकारी लेकर किसानों को ऑर्गेनिक फार्मिंग के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र, प्रमाण पत्र, टूलकिट और ऋण स्वीकृति चेक वितरित किए गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित किया गया, वही मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपी गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई तथा विभिन्न रोजगार और स्वरोजगार योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं के कौशल विकास, आधुनिक आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं के विस्तार के माध्यम से देश के विकास को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इस अवसर पर मथुरा के महापौर विनोद अग्रवाल ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की दो एलईडी प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जनपद में भ्रमण कर विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता का कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, परियोजना निदेशक डीआरडीए अरुण कुमार उपाध्याय, उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।