Loading...

मथुरा रिफाइनरी ऑफिसर्स क्लब में ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ “डिवाइन विजडम समर कैंप”

Gargachary Times 18 June 2026, 19:32 37 views
Mathura
मथुरा रिफाइनरी ऑफिसर्स क्लब में ब्रह्माकुमारी संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ “डिवाइन विजडम समर कैंप”
मथुरा: बच्चों के बहुआयामी व्यक्तित्व विकास हेतु योग, प्राणायाम, हास्य योग एवं राजयोग मेडिटेशन की विविध कार्यशालाएँ आयोजित “केयर फॉर नेचर” थीम पर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश मथुरा रिफाइनरी नगर में ऑफिसर्स क्लब एवं ब्रह्माकुमारी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय “डिवाइन विजडम समर कैंप” सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन में रिफाइनरी नगर के 100 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समर कैंप का मुख्य उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास को प्रोत्साहित करना था। विभिन्न मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सहयोग, प्रेम, दया, करुणा, अनुशासन तथा आत्मविश्वास जैसे मानवीय गुणों का विकास करने का प्रयास किया गया। साथ ही बच्चों को योग एवं ध्यान की विभिन्न विधियों से भी परिचित कराया गया। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने हेतु योग प्रशिक्षिक बी के आलोक और बी.के. ऊषा द्वारा योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया गया। प्रसिद्ध हास्य योग प्रशिक्षक श्री आर.बी. अग्रवाल ने हास्य योग के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ एवं प्रसन्न रहने के गुर सिखाए। ब्रह्माकुमारी संस्था की राजयोगिनी बी.के. कृष्णा दीदी ने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से आत्मिक सशक्तिकरण एवं एकाग्रता का महत्व बताया। दैनिक जीवन में स्वस्थ खानपान एवं उत्तम व्यवहार संबंधी उपयोगी जानकारी विषय विशेषज्ञ श्री प्रमोद वर्मा द्वारा प्रदान की गई। इम्पल्स माइंड अकादमी की निदेशिका दीपा गर्ग ने अत्यंत रचनात्मक शैली में बच्चों को “विजन मैपिंग” की तकनीक सिखाई। कैंप का मुख्य आकर्षण “केयर फॉर नेचर” विषय पर आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही, जिसमें बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा धारण कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक संदेश दिया। इसके अतिरिक्त ऑन-द-स्पॉट स्पीच प्रतियोगिता, वेस्ट टू बेस्ट, वैल्यू गेम्स, जी.के. क्विज तथा “लर्न विद फन” जैसी अनेक रोचक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों को मेडिटेशन के लिए प्रेरित करने वाले विशेष सहभागिता उपहार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन विजयी प्रतिभागियों के पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह में ब्रह्माकुमारी संस्था की स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी बी.के. कृष्णा दीदी, मुख्य महाप्रबंधक (टेक्निकल) एच.एस. रुखियार, महाप्रबंधक कौशलेंद्र कुमार, ऑफिसर्स एसोसिएशन से संदीप खरबंदा तथा ऑफिसर्स क्लब के सचिव चिराग नामदेव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बी.के. मनोज, बी.के. पूजा, बी.के. मनोहर, बी.के. सौरभ, बी.के. दिया, शिखा, नवीन प्रकाश, अनीता महतो, मंजू, रनीता, राजनाथ, भावना, गरिमा, अन्नू एवं उमेश सहित सभी ब्रह्माकुमारी संस्था के सभी सदस्यों और ऑफिसर क्लब के पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा।
Follow Samachar24