मोहर्रम को लेकर फरह थाने में पीस कमेटी की बैठक, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
Gargachary Times
18 June 2026, 19:44
37 views
Mathura
फरह। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को थाना फरह परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सदर आदेश कुमार ने की। इस दौरान सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार एवं थाना प्रभारी छोटे लाल सहित क्षेत्र के धर्मगुरु, मौलाना, ताजिया एवं मोहर्रम कमेटियों के पदाधिकारी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम आदेश कुमार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और शांति का संदेश देता है। उन्होंने निर्देश दिए कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा जुलूस के दौरान सड़क खोदने या रोड फोड़ने जैसी किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि मोहर्रम का जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहे।
सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार ने कहा कि जुलूस के दौरान डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं होगी तथा सभी आयोजक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
थाना प्रभारी छोटे लाल ने उपस्थित लोगों से पर्व के दौरान आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
बैठक के उपरांत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कस्बे में फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा लोगों को शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और चप्पे-चप्पे पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। कानून व्यवस्था भंग करने अथवा अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर क्राइम इंस्पेक्टर मनोज उज्ज्वल , एस एस आई महिपाल, कस्बा इंचार्ज अजय मालिक ,एस आई अभिलाख सिंह, एस आई आंनद शर्मा मौजूद रहे।
अधिकारियों ने सभी समुदायों से सहयोग की अपील करते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आह्वान किया।