केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा
Gargachary Times
18 June 2026, 19:56
73 views
Mainpuri
केंद्र सरकार के 12 वर्षों की विकास यात्रा एवं आधार-भूत संरचना विकास तथा केन्द्र-प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित चित्र-प्रदर्शनी का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता ने उद्यमियों, व्यापारियों के साथ अवलोकन करते हुए कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार द्वारा मिशन अन्त्योदय के तहत संचालित योजनाओं का आज वास्तविक लाभ समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक आसानी से पहंुचा है, संचालित योजनाओं का लाभ बिना किसी भेद-भाव के प्रत्येक समाज के सभी पात्र व्यक्तियों को मिल रहा है। उन्होने कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार ने अधिकांश योजनाएं महिलाओं को केन्द्र-बिन्दु रख संचालित की हैं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ग्रामीण महिलाओं के लिए वरदान साबित हो रहा है, समूह से जुड़कर तमाम ग्रामीण महिलाएं आज आत्मनिर्भर, स्वावलम्बी बन चुकी हैं, जनपद की कई महिलाएं समूह के माध्यम से लखपति दीदी बन कर अपना, अपने परिवार, जनपद, प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। उन्होने कहा कि एक जनपद-एक उत्पाद, उद्योग सेवा एवं व्यवसाय क्षेत्र में इकाई स्थापना हेतु वित्तीय सहायता, हितग्राहियों को टूलकिट उपलब्ध कराकर उन्हें व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सरकार ने मद्द की, एक जनपद-एक उत्पाद से जनपद की तारकशी, जरी-जरदोजी एवं एक जनपद-एक व्यंजन योजना के माध्यम से जनपद की सोहनपापड़ी को प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में पहचान दिलाने का कार्य हुआ।
क्षेत्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों को बेटियों के लिए वरदान साबित हो रही हैं, कन्या सुमंगला योजना में बेटी के पैदा होने से उच्च शिक्षा तक समय-समय पर धनराशि उपलब्ध करायी जा रही है वहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीब परिवार की बेटियों की शादी पर सरकारी खजाने से रू. 01 लाख व्यय कर जन-प्रतिनिधियों, उच्चाधिकारियों की मौजूदगी में भव्य समारोह में शादी करायी जा रही हैं, इस महत्वाकांक्षी योजना के लागू होने के उपरंात गरीब बेटी के पिता के कंधों से शादी का बोझ लगभग समाप्त हो चुका है। उन्होने कहा कि चित्र-प्रदर्शनी शासन की संचालित योजनाओं, विकास कार्यों एवं जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है, प्रदर्शनी में केंद्र-प्रदेश सरकार की नीतियों का चित्रण भली-भांति किया गया है, प्रदर्शनी के अवलोकन से आमजन को संचालित योजनाओं की जानकारी मिलेगी साथ ही युवा पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।
इस दौरान उपायुक्त उद्योग डॉ. बनवारी लाल, सहायक उपायुक्त उत्कर्ष चन्द्र के अलावा उद्यमी विनय गुप्ता, धीरू राठौर, नीरज बैजल, उदित कुमार, सत्येन्द्र यादव, रामनाथ वर्मा, धनीराम, विशाल, धर्मेन्द्र कुमार, सुबोध आदि उपस्थित रहे।