Loading...

प्राकृतिक एवं प्रगतिशील खेती कार्यशाला आयोजित, किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित

Gargachary Times 18 June 2026, 20:13 19 views
Firozabad
प्राकृतिक एवं प्रगतिशील खेती कार्यशाला आयोजित, किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित
फिरोजाबाद। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनकल्याण एवं जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विकास भवन प्रांगण में प्राकृतिक एवं प्रगतिशील खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर कामिनी राठौर ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने प्राकृतिक खेती में गौ माता की महत्ता बताते हुए गौ-पालन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। सदस्य उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग रमाकांत उपाध्याय ने जीवामृत, घन जीवामृत एवं बायोगैस उत्पादन के महत्व की जानकारी दी।भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने किसानों से रासायनिक खेती के स्थान पर गौ-आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उप कृषि निदेशक सत्येंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन योजना के अंतर्गत 50 क्लस्टर बनाए गए हैं, जिनमें 6250 किसानों का चयन किया गया है। प्रत्येक क्लस्टर पर दो कृषि सखी एवं सीआरपी तैनात किए गए हैं, जो किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ओंकार सिंह ने प्राकृतिक खेती में पशुपालन की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि अधिकारी सुमित कुमार चौहान ने किया। इस दौरान प्रगतिशील कृषकों राम अवतार, वीरेंद्र सिंह, गोपाल एवं पूरन सिंह सहित अन्य किसानों को निशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए गए। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सदर डॉ. लक्ष्मी नारायण यादव, किसान मोर्चा महानगर अध्यक्ष सत्यपाल सिंह चौहान, भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, भूमि संरक्षण अधिकारी प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती में अग्रणी कृषक रघुवीर सिंह, सचिन राजपूत एवं लोकेश कुमार द्वारा लगाए गए प्राकृतिक उत्पादों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें अतिथियों ने सराहा।
Follow Samachar24