एमआरएफ सेंटर पर डीएम का औचक निरीक्षण, कूड़े के ढेर देख भड़के; कार्यदायी संस्था को लगाई फटकार
Gargachary Times
18 June 2026, 20:13
38 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने गुरुवार को नगर आयुक्त प्रशांत नागर के साथ कुतुबपुर चनौरा स्थित मेटीरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां संचालित 100 टीडीपी क्षमता वाले वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्लांट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह प्लांट जिले भर से एकत्रित कूड़े की रीसाइक्लिंग का कार्य करता है और इसका संचालन मुस्कान इंटरप्राइजेज द्वारा किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में जगह-जगह कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि जमा कूड़े का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जब निस्तारण कार्य की धीमी गति का कारण पूछा गया तो संस्था की ओर से बताया गया कि कूड़ा अलग करने और प्रोसेसिंग के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीनें फिलहाल डीजल इंजन से संचालित हो रही हैं, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल प्लांट में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर मशीनों को बिजली से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मशीनों की क्षमता बढ़ाकर रीसाइक्लिंग कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि स्थानीय लोगों को दुर्गंध और प्रदूषण से राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने वेस्ट-टू-कंपोस्ट प्लांट से तैयार की जा रही ऑर्गेनिक खाद के बेहतर उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने नगर आयुक्त और संस्था को निर्देश दिए कि खाद की आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एवं ई-कॉमर्स साइट्स पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम जनता और किसान इसका लाभ उठा सकें।निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त प्रशांत नागर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।