Loading...

नीट परीक्षा को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा, सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश

Gargachary Times 18 June 2026, 20:14 25 views
Firozabad
नीट परीक्षा को लेकर डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा, सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में गुरुवार को कलैक्ट्रेट सभागार में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी, इसलिए सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए छाया, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखी जाएं। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर मेडिकल टीम की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति को मोबाइल फोन लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश न करने दिया जाए। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक फिरोजाबाद एवं शिकोहाबाद को सौंपी गई है।जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा के दिन आवश्यकता पड़ने पर भारी वाहनों एवं यातायात मार्गों को डायवर्ट किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग को आसपास के ढाबों एवं भोजनालयों की सघन जांच कर शुद्ध भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारियों को 20 एवं 21 जून को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा बिजली बाधित होने की स्थिति में जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए सभी केंद्रों पर व्हील चेयर उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।इस परीक्षा के पर्यवेक्षण के लिए एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल को प्रभारी नामित किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। जनपद में इस बार नीट परीक्षा के लिए कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 2744 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राम बदन राम, एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24