Loading...

पींगरी में नई सहकारी समिति गठन की मांग तेज, ग्रामीणों ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

Gargachary Times 22 June 2026, 19:54 42 views
Mathura
पींगरी में नई सहकारी समिति गठन की मांग तेज, ग्रामीणों ने डीएम से की कार्रवाई की मांग
फरह। फरह ब्लॉक के ग्राम पींगरी में नई सहकारी समिति (बी-पैक्स) के गठन को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मथुरा और सहायक निबंधक (एआर) को ज्ञापन सौंपकर समिति गठन की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन स्तर से ग्राम पींगरी क्षेत्र में नई बी-पैक्स समिति गठन की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता मथुरा ने दीनदयालधाम बी-पैक्स के कार्यक्षेत्र में आने वाले ग्राम पींगरी व आसपास के गांवों के लिए नई समिति गठन के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इसके बावजूद संबंधित समिति के सचिव सीताराम द्वारा प्रस्ताव आगे नहीं भेजा जा रहा, जिससे प्रक्रिया अटकी हुई है। ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र में बताया कि पींगरी में जिला सहकारी बैंक की नई शाखा समिति का प्रस्ताव लंबित है। नई समिति बनने से क्षेत्र के किसानों को खाद, बीज और कृषि ऋण जैसी सुविधाएं समय पर गांव में ही मिल सकेंगी। अभी किसानों को दूर-दराज की समितियों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि शासन ने इसे प्राथमिकता में रखा है, फिर भी सचिव की लापरवाही से किसान लाभ से वंचित हैं। उन्होंने डीएम और एआर से हस्तक्षेप कर सचिव को प्रस्ताव भेजने के निर्देश देने की मांग की है। प्रार्थना पत्र पर राजेंद्र सिंह, महिपाल सिंह, मोहनसिंह डाकिया, महेंद्र सिंह, शिवचरण ठाकुर, पिंटू ठाकुर, रौतान सिंह, रामबाबू पाराशर, रनवीर सिंह समेत कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि नई समिति बनने से खाद-बीज वितरण की व्यवस्था सुधरेगी और कृषि कार्य आसान होंगे। सहायक निबंधक कार्यालय ने शासन की प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई जल्द पूर्ण करने को कहा है।
Follow Samachar24