विद्युत विभाग का बड़ा छापा, अवैध कनेक्शन और चोरी से चल रहे आरओ प्लांट व ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्रों पर कार्रवाई, विरोध के बाद बुलानी पड़ी पुलिस
Gargachary Times
22 June 2026, 20:01
38 views
Mathura
वृंदावन।पुनीत शुक्ला
विद्युत चोरी के खिलाफ विभाग की विजिलेंस टीम ने एक बड़ा अभियान चलाते हुए क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। विद्युत विभाग की टीम द्वारा वृंदावन के खादर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पानी घाट, मोहनी नगर और रोहिनी नगर जैसे इलाकों में औचक छापेमारी की गई। इस विशेष अभियान के दौरान विभागीय टीम ने कई संदिग्ध स्थानों पर सघन जांच की, जिसमें भारी पैमाने पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किए जाने के मामले खुलकर सामने आए। चौंकाने वाली बात यह रही कि कई स्थानों पर घरेलू कनेक्शन की आड़ में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिनमें चोरी की बिजली से ई-रिक्शा चार्जिंग केंद्र और अवैध रूप से आरओ वाटर प्लांट चलाए जा रहे थे। जांच टीम ने इन सभी अवैध मामलों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ आगे की विधिक प्रक्रिया और एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस छापेमारी की कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों और बिजली चोरों द्वारा विभागीय टीम का उग्र विरोध किया गया, जिससे मौके पर तीखी नोकझोंक और हंगामा खड़ा हो गया। स्थिति को बिगड़ता देख विभागीय अधिकारियों को तुरंत स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा। पुलिस बल के आते ही विरोध कर रहे लोग शांत हो गए और तारों को खींचकर भागने की कोशिश करने वाले तत्वों पर नकेल कसी गई। पुलिस की मौजूदगी में अधिकारियों ने बिना किसी दबाव के अपनी कड़ी कार्रवाई को जारी रखा। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी के कारण क्षेत्र में ओवरलोडिंग और बिजली की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने चेतावनी दी कि चोरी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
इसके साथ ही अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के अवैध हथकंडे अपनाने के बजाय वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने के लिए मुख्य रूप से एसडीओ संदीप वाष्णेय, एई टेक्नीशियन सत्येंद्र कुमार, जेई दीपक कुमार, जेई प्रभारी पवन सोनी सहित विभागीय स्टाफ के आदि चटर्जी, शिवा चटर्जी, विपिन बघेल, अशोक यादव और अनूप गौड़ आदि मुख्य रूप से सक्रिय रहे। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार की औचक कार्रवाई की जाएगी।