Loading...

डीएम ने एआरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश/

Gargachary Times 23 June 2026, 20:44 68 views
Firozabad
डीएम ने एआरटीओ कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश/
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर में खड़े वाहनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एआरटीओ द्वारा बताया गया कि परिसर में मौजूद वाहन चालान से संबंधित जब्त किए गए वाहन हैं।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेल्प डेस्क काउंटर पर एक अनिवार्य रजिस्टर बनाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस रजिस्टर में कार्यालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम और आने का उद्देश्य स्पष्ट रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा पुराने रिकॉर्ड को माह एवं वर्षवार सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने कार्यालय में मौजूद आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का कार्य समय से नहीं हो रहा है तो इसकी सूचना तत्काल एआरटीओ को दी जाए, ताकि संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्राइविंग लाइसेंस कक्ष का अवलोकन किया और ऑनलाइन लाइसेंस बनाने की पूरी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने चालान जमा करने वाले काउंटर और संबंधित कक्ष का निरीक्षण किया तथा निर्देश दिए कि चालान की राशि नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा कराई जाए। जिलाधिकारी को निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि सोमवार को कुल 30 चालान किए गए तथा 16 वाहन जब्त किए गए हैं। उन्होंने ऑडिट पत्रावली की भी जांच की। पत्रावली में संतोषजनक उत्तर न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सही एवं पूर्ण उत्तर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्य पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय आने वाले किसी भी नागरिक को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
Follow Samachar24