डीएम-एसएसपी ने ट्रॉमा सेंटर का किया औचक निरीक्षण, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच
Gargachary Times
23 June 2026, 20:45
46 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सोमवार को संयुक्त रूप से ट्रॉमा सेंटर का औचक निरीक्षण कर वहां की अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों, फायर सेफ्टी उपकरणों और विद्युत व्यवस्था की गहन जांच की।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में संभावित अग्निकांडों और शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक एवं सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बहुमंजिला इमारतों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, ट्रॉमा सेंटर, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, विद्यालयों, कोचिंग सेंटरों, होटलों और मॉल की सख्ती से जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पूरे जनपद को कवर करने के लिए प्रशासन द्वारा छह विशेष संयुक्त टीमें गठित की गई हैं। नगर क्षेत्रों में टीमों का नेतृत्व सिटी मजिस्ट्रेट कर रहे हैं, जबकि ग्रामीण एवं अन्य क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी निरीक्षण की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। प्रत्येक टीम में पुलिस अधिकारी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। विकास प्राधिकरण एवं नगर निगम क्षेत्रों में संबंधित विभागों के अधिकारी भी टीम का हिस्सा हैं।प्रशासन द्वारा फायर सेफ्टी के साथ-साथ इलेक्ट्रिकल सेफ्टी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए तकनीकी टीमों को विद्युत सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने मरीजों से बातचीत कर उपचार व्यवस्था की जानकारी ली। मरीजों ने बताया कि उन्हें समय से दवाएं एवं उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन जैन को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे, अग्निशमन अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।