Loading...

लखनऊ अग्निकांड के बाद मथुरा प्रशासन सख्त, होटल, लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी

Gargachary Times 23 June 2026, 20:48 37 views
Mathura
लखनऊ अग्निकांड के बाद मथुरा प्रशासन सख्त, होटल, लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा। लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड हादसे के बाद मथुरा प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा मानकों की जांच के लिए मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने बीएसए इंजीनियरिंग कॉलेज के आसपास संचालित होटल, लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। अचानक हुई प्रशासनिक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम को देखते ही कई कोचिंग सेंटर एवं लाइब्रेरी संचालक अपने प्रतिष्ठानों पर ताला लगाकर मौके से चले गए। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, भवन मानकों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई। जांच में कई संस्थानों द्वारा निर्धारित मानकों का पालन न किए जाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कुछ कोचिंग सेंटरों एवं होटलों को सील कर दिया। वहीं कई अन्य संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने बताया कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो संस्थान निर्धारित मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से होटल, कोचिंग सेंटर एवं लाइब्रेरी संचालकों में खलबली मची हुई है।
Follow Samachar24