Loading...

लखनऊ अग्निकांड के बाद फिरोजाबाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, तीन अवैध कोचिंग सेंटर सीज

Gargachary Times 23 June 2026, 20:48 45 views
Firozabad
लखनऊ अग्निकांड के बाद फिरोजाबाद प्रशासन का बड़ा एक्शन, तीन अवैध कोचिंग सेंटर सीज
फिरोजाबाद। लखनऊ के कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद प्रदेशभर में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। छात्रों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। इसी क्रम में फिरोजाबाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर में संचालित तीन अवैध कोचिंग सेंटरों को सीज कर दिया। सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय और मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के कई कोचिंग सेंटरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। जांच के दौरान तीन बड़े कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया। जांच में सामने आया कि इन कोचिंग सेंटरों में सैकड़ों छात्र पढ़ाई कर रहे थे, लेकिन आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। कई संस्थान बिना फायर एनओसी के संचालित पाए गए। इतना ही नहीं, कुछ कोचिंग सेंटर बेसमेंट और संकरी गलियों में चल रहे थे, जहां आपातकालीन निकास की भी समुचित व्यवस्था नहीं थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में छह विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कोचिंग सेंटरों, स्कूलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना फायर एनओसी अथवा सुरक्षा मानकों के विपरीत संचालित होने वाले कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद पांडेय सहित प्रशासनिक एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24